जबलपुर।Five Dead एमपी के डिंडौरी जिले में एक बेकाबू कंटेनर ने पिकअप सवार छल होगों को शनिवार रात कुचल दिया,जिसमें पांच ने मौके पर ही दम तोड़ दिया,जबकि एक घायल का इलाज चल रहा है। यह हादसा जबलपुर-अमरकंटक हाईवे पर गाड़ासरई थाना इलाके के किकरातालाब के पास हुआ। सूचना मिलने के पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद से इलाके के लोगों में आक्रोश है।
मृतक परसवाह, करबे मट्टा और उफरी गांव के रहने वाले थे। यह लोग शनिवार को सिलियारी गांव में चौक कार्यक्रम से शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। पिकअप वाहन से लौटते समय उनका वाहन पंक्चर हो गया। रात लगभग 12:30 बजे वाहन पंक्चर होने के चलते सभी लोग पिकअप से उतरकर टायर बदलने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अमरकंटक की ओर से तेज रफ्तार अनियंत्रित होकर आ रहे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि कई लोग 10 फीट तक ऊपर उछल गए।
ट्रक यही नहीं रुका, वह लोगों को कुचलने के बाद सड़क किनारे बनी छोटी मडिया, बिजली के पोल और यात्री प्रतीक्षालय को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके से लगभग 350 मीटर दूर जाकर वाहन रुका और वाहन चालक मौके से फरार हो गया। रात में ही घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों को मिलेगी आर्थिक सहायता
हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया सहित पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह मौके पर पहुंची। मृतकों के परिजनों को रेड क्रॉस सोसाइटी से 50-50 हजार की सहायता देने की बात कही गई है। हादसे में परसवाह निवासी राजकरण बनवासी 35 वर्ष, बिहारी सिंह निवासी करवेमट्टा 50 वर्ष, पवन मरावी 35 वर्ष,बिसाहू धुर्वे 58 वर्ष सहित दुर्घटना में बिहारी सिंह के बेटे की भी मौत होना बताया जा रहा है।पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
