लखनऊ। smart meters सरकार की लाख सख्ती के बाद भी बहुत से लोग बिजली का बिल नहीं भरते। अब ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बिजली का बिल नहीं भरने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए है कि जिन फीडरों के पचास फीसदी उपभोक्ता बिजली का बिल नहीं भरते उन क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाया जाए। उन्होंने कहा लापरवाह संविदा कर्मियों को हटाकर नए संविदाकर्मियों को तैनात किया जाए।
ऊर्जा मंत्री ने निर्देश दिए कि त्योहारों में अंधेरा या बिजली कटौती किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं होगी। टीमें अपनी मर्जी से कहीं भी छापेमारी न करें। उन्होंने हिदायत दी कि जहां विद्युत चोरी अधिक है, वहां कार्रवाई अवश्य की जाए। लेकिन, कार्रवाई करते समय पारदर्शिता और जवाबदेही का पालन किया जाए। गरीब एवं छोटे उपभोक्ताओं को बिल्कुल भी परेशान न किया जाए। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाई लास एरिया में भी ट्रांसफार्मर समय पर बदले जाएं। जहां पर 90 प्रतिशत उपभोक्ता विद्युत बिल नहीं दे रहे हैं, वहां पर भी मरम्मत एवं ट्रांसफार्मर बदलने की कार्रवाई समय सुनिश्चित की जाए, जिससे बिल देने वाले 10 प्रतिशत उपभोक्ताओं को दिक्कत का सामना न करना पड़े।
