स्पोर्ट्स डेस्क: महिला अंडर -19 टी20 विश्व कप में देश की बेटियों ने एक बार फिर विश्व विजेता बनकर देश का नाम रोशन किया। मलयेशिया के कुआलालंपुर के बेयूमास ओवल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में निकी प्रसाद की टीम इंडिया ने नौ विकेट से जीत दर्ज की। इससे पहले 2023 में शेफाली वर्मा की टीम ने फाइनल में इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता था। पूरे टूर्नामेंट में भारत का दबदबा रहा है। भारत की बेटियों ने सभी मैच जीतकर विश्व विजेता बनी। इससे पहले 2023 में भारतीय टीम ने सात में से छह मैच जीते थे और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सुपर-सिक्स में हार का सामना करना पड़ा था। भारत के लिए इस टूर्नामेंट में गोंगाड़ी त्रिशा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वह टीम इंडिया का उभरता हुआ सितारा बनकर सामने आई हैं। त्रिशा ने सात मैचों में 77.25 की औसत और 147.14 के स्ट्राइक रेट से 309 रन बनाए।
एक तरफा जीत दर्ज की
निकी प्रसाद की टीम ने सात में से सात मैच अच्छे अंतर से जीते। इस दौरान टीम इंडिया ने सात में से पांच मैच आठ या इससे ज्यादा विकेट से जीते, जबकि दो मैच 60 या इससे ज्यादा के अंतर से जीते। भारत के सभी मुकाबले लगभग एकतरफा रहे। भारत को ग्रुप-ए में वेस्टइंडीज, मलयेशिया और श्रीलंका के साथ रखा गया था। 19 जनवरी को अपने पहले मैच में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को नौ विकेट से शिकस्त दी थी। वहीं, 21 जनवरी को दूसरे मैच में मलयेशिया को 10 विकेट से रौंद दिया था। 23 जनवरी को अपने तीसरे और आखिरी ग्रुप मैच में भारत ने श्रीलंका को 60 रन से हराया था।

सुपर सिक्स में भी शानदार प्रदर्शन
सुपर सिक्स में भारत का सामना बांग्लादेश और स्कॉटलैंड से हुआ। टीम इंडिया ने बांग्लादेश को सुपर सिक्स के मैच में आठ विकेट से शिकस्त दी। फिर स्कॉटलैंड को 150+ रन से रौंद दिया। टी20 मुकाबले में 150+ रन की जीत बड़ी जीत होती है। इस तरह भारत ने लगातार पांच मैच जीतकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया। सेमीफाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से हुआ। भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 20 ओवर में आठ विकेट पर 113 रन के स्कोर पर रोक दिया। फिर 15 ओवर में एक विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल किया।
इस तरह टीम इंडिया लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची। फाइनल में दक्षिण अफ्रीका की टीम थी, जिसने अपने पिछले छह में से पांच मैच जीते थे। हालांकि, भारत की बेटियां कहां रुकने वाली थीं। उन्होंने 2023 की तरह एक बार फिर विपक्षी टीम को 100 रन के अंदर रोक दिया और फिर नौ विकेट से जीत हासिल की। दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 82 रन पर सिमट गई। भारत ने 11.2 ओवर में एक विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। साल 2023 में खेले गए फाइनल में शेफाली वर्मा की टीम ने इंग्लैंड को 68 रन पर समेट दिया था और फिर 14 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल किया था।
इसे भी पढ़ें…
