एमपी विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश ने किया मंथन, यूं साधा भाजपा पर निशाना

146
अखिलेश यादव पार्टी मुख्यालय लखनऊ में मध्य प्रदेश के समाजवादी पार्टी के नेताओं तथा पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में मध्य प्रदेश के संभावित विधानसभा प्रत्याशियों के नामों पर भी चर्चा हुई।

लखनऊ। सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा है कि मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के लिए अच्छी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि हम पूरी ताकत के साथ चुनाव में उतरेंगे। आपसी तालमेल और एकजुटता से वहां चुनाव में अपेक्षित परिणाम आ सकते हैं। साथ ही उन्होंने याद दिलाया कि सन् 2003 में समाजवादी पार्टी के 7 विधायक जीत दर्ज करा चुके हैं। इस बार पहले से अधिक समाजवादी विधायक जीत कर आयेंगे।

भाजपा पर यूं साधा निशाना

दरअसल अखिलेश यादव आज पार्टी मुख्यालय लखनऊ में मध्य प्रदेश के समाजवादी पार्टी के नेताओं तथा पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में मध्य प्रदेश के संभावित विधानसभा प्रत्याशियों के नामों पर भी चर्चा हुई। वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों की दुश्मन है। भाजपा को लोकतंत्र की परवाह नहीं है। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने विकासकार्यों को ठप्प कर दिया है।

बैठक में इन नेताओं ने लिया हिस्सा

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भी घोर गरीबी, बेकारी और अन्याय-अत्याचार है। किसानों के साथ भाजपा का रवैया उपेक्षापूर्ण है। भाजपा की सरकारों में नौजवानों का कोई भविष्य नहीं है। बैठक में बलराम यादव, राजेन्द्र चौधरी, रामायण सिंह पटेल, उदयवीर सिंह, श्यामसुन्दर यादव, दीप नारायण सिंह उर्फ दीपक यादव, व्यासजी गोंड, गौरी यादव, अशोक यादव सहित अन्य प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उधम सिंह लोधी सपा में शामिल

वहीं आज यहां मध्य प्रदेश लोधी महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष उधम सिंह लोधी ने समाजवादी पार्टी की नीतियों और अखिलेश यादव के नेतृत्व में आस्था जताते हुए समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। अखिलेश यादव ने उम्मीद जताई है कि उधम सिंह लोधी के आने से समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश में मजबूत होगी।

इसे भी पढ़े..

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here