कन्नौज। यूपी के कन्नौज जिले में एक हैरान करने वाली खबर सामने आई। यहां एक आठ साल के बच्चे को कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला। दरअसल शराबी पिता की पिटाई से बचने के लिए बच्चा देर रात को घर से भागा था, उसे कुत्तों ने अपना शिकार बना डाला। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सदर कोतवाली के पुरानी पुलिस लाइन कॉलोनी के पास ओमकार परिवार के साथ रहता है। वो नशे का आदी है। मंगलवार रात वह घर पर शराब के नशे में पहुंचा और बच्चों के साथ मारपीट करने लगा। इसी के डर से उसके तीसरे नंबर का आठ साल का बेटा प्रिंस घर से भाग गया। देर रात तक जब वो घर नहीं लौटा तो मां पिंकी ने आसपड़ोस में तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
पूरी रात खोजता रहा परिवार
मासूम के घर से गायब होने के बाद पूरी रात परिवार परेशान रहा। सुबह होने पर मकरंदनगर बिजली घर के करीब बच्चे का शव पड़ा मिला। बाद में उसकी पहचान प्रिंस के रूप में हुई। मां पिंकी ने बताया कि पिता की मार के डर से प्रिंस घर से भागा था। इसी दौरान आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। हमले में बेटे को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सदर कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह सामने आएगी।
इसे भी पढ़ें..