Section 144 imposed in Lucknow : लखनऊ में 30 दिनों के लिए लगाई गई धारा 144, जानें क्या है कारण और क्या होगें नियम?

389
Lucknow imposed section-144

अवनीश पाण्डेय, लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में मंगलवार से 30 दिनों के लिए धारा 144 लागू की गई है।  अन्य देशों के साथ भारत में भी कोविड के नए वेरिएंट (ओमिक्रान) की पुष्टि हुई है।  जिसपर बीते दिन संसद में भी चर्चा हुई है।  जानकारी के मुताबिक क्रिसमस, नए साल का जश्न, प्रवेश परीक्षाओं और त्यौहारों को देखते हुए प्रशासन ने ये फैसला लिया है।

वहीं, इस फैसले को राजनीतिक चश्मे से भी देखा जा रहा है।  जानकारी के मुताबिक धारा 144 की अवधि 7 दिसंबर से शुरू होकर 5 जनवरी 2022 तक रहेगी।  प्रशासन ने यह फैसला किसान संगठनों व अन्य संभावित धरना प्रदर्शनों के चलते लिया है।

आपको बता दें कि 15 दिसंबर से विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत हो रही है।  ऐसे में 2022 विधानसभा चुनाव करीब होने से यह सत्र लखनऊ प्रशासन के लिए चुनौती भरा है।  जारी गाइडलाइन के आदेशानुसार विधानसभा के आसपास धरना प्रदर्शन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।  वहीं विधानसभा के आस पास ट्रैक्टर ट्राली, घोड़ागाड़ी, बैलगाड़ी, ज्वलनशील पदार्थ, सिलेंडर और हथियार आदि लेकर आवागमन पर भी प्रतिबंध रहेगा।

प्रतिबंध से संबधित जारी गाइडलाइन

प्रशासन के अनुसार विधानसभा के आसपास धरना प्रदर्शन या वाहन के साथ प्रदर्शन को धारा 144 का उल्लंघन माना जाएगा।  कंटेनमेंट जोन को छोड़कर धर्म स्थलों पर 50 से ज्यादा लोग जमा नहीं हो सकेंगे।  बंद स्‍थानों पर एक समय में 100 से ज्‍यादा लोगों के इकट्ठा होने पर भी रोक रहेगी।

धारा 144 के दौरान जरूरी सेवाओं में छूट रहेगी।  चिकित्सा सेवाएं नियमित रूप से जारी रहेगी।  इसके अलावा किसी तरह की ​इमरजेंसी होने पर पूर्व परमिशन पर आवाजाही में छूट मिलेगी।  साथ ही इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के भी कड़े इंतेजाम किए गए हैं ताकि किसी तरह की समस्या उत्पन्न ना हो।  एक समय में ​निश्चित संख्या से ज्यादा लोग मौजूद होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।  प्रशासन ने इस दौरान आमजन से सहयोग की अपील की है।

बड़े आयोजन पर प्रतिबंध, भीड़ लगाने पर पाबंदी

शहर में धारा 144 के दौरान तीस दिन तक किसी भी प्रकार के सामुहिक आयोजन पर प्रतिबंद होगा।  इन दिनों में शहर में किसी भी प्रकार का जुलूस नहीं निकलेगा और ना ही शाम पांच बजे के बाद एक जगह पर ज्यादा लोग एकत्रित हो सकेंगे।  इसके अलावा रात्रि दस से सुबह छह बजे तक किसी तरह की तेज आवाज पर भी पाबंदी रहेगी।

17वीं विधानसभा का अंतिम सत्र,15 दिसंबर से होगी शुरू

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 15 दिसंबर से शुरू होगा।  विधानसभा चुनाव के मद्देनजर योगी सरकार अगले वित्तीय वर्ष के लिए पूर्ण बजट लाने के बजाए चार महीने का लेखानुदान इस सत्र में पास कराएगी।  साथ ही वर्तमान वित्तीय वर्ष का दूसरा अनुपूरक बजट लाया जा सकता है।  खास बात यह है कि मौजूदा 17 वीं विधानसभा का यह संभवत: आखिरी सत्र है।  इसमें सरकार कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कर सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here