कन्नौज। Murder of a woman : यूपी के कन्नौज जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई, यहां एक महिला को उसके अपनों ने ही बेहद क्रूरता पूर्वक तरीके से मौत के घाट उतार दिया। मां के साथ हुई क्रूरतापूर्वक वारदात को बेटे ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी कहानी बताई। सोनम के बेटे वेदांत ने बताया कि पिता, ताऊ और चचेरे भाई ने मिलकर पहले मां के हाथ तार से बांधे और फिर कमरे में ही बेड पर पेट्रोल छिड़ककर उन्हें जिंदा जला दिया। वेदांत ने बताया कि सुबह ताऊ ने पैसे देकर पेट्रोल मंगवाया था। इसके बाद ताऊ ने पिता से मां को मार देने की बात कही थी। तब पिता ने अपनी बुआ के लड़के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
किसी ने नहीं बचाया
पीड़ित बेटे ने बताया कि मां चीखती-चिल्लाती रही,लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। वेदांत ने बताया कि घटना के बाद पिता उसे जबरन बाइक पर बैठाकर मान नगला की तरफ ले जा रहे थे। खौफ के बीच वह बाइक से कूदकर किसी तरह आरोपियों से बचकर पुलिस चौकी पहुंचा।परिजनों और बच्चे के अनुसार, आरोपी पिता शराब पीने का आदी था और आए दिन मृतका के साथ मारपीट करता था। कुछ समय पहले परिवार हरियाणा में रहता था, जहां ताई ने भी उसके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद वे लोग यहां गांव आए थे। दो-तीन दिन पहले ही वे हरियाणा से यहां पहुंचे थे।
हरियाणा में हुई थी मुलाकात
सोनम और सुखबीर की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। सुखबीर 14 साल से हिसार (हरियाणा) में प्राइवेट नौकरी कर रहा था। वहीं, उसकी मुलाकात शिकोहाबाद निवासी सोनम से हुई थी, जो वहां प्राइवेट नौकरी करती थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्यार के बाद उन्होंने 11 साल पहले लव-मैरिज कर ली थी। इसके बाद दोनों हिसार में ही रहने लगे थे। शादी के बाद दो बच्चे वेदांत व वेदिका हुए। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि सुखबीर के साथ सोनम की यह तीसरी शादी थी। चर्चा है कि कुछ समय पहले सोनम के संबंध सुखबीर के ही परिवार के ही एक अन्य युवक के साथ हो गए थे। कुछ रोज पहले ससुर ने सोनम को उस युवक से बात करते देख लिया था और इसकी शिकायत सुखबीर से की थी। इसके बाद पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया था।
बचने के प्रयास में सुखवीर भी झुलसा
कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि जांच पड़ताल में सोनम को बांधकर जलाने का प्रमाण नहीं मिला है। पूछताछ में आरोपी सुखवीर ने स्वीकार किया कि बेड पर ही पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया था। आग से बचने के लिए सोनम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। उसके चंगुल में आने से बचने के लिए वह उसे धक्का देकर कमरे से बाहर आ गया और बाहर से गेट बंद कर दिया। सोनम की चपेट में आने से बचने के प्रयास में उसके दोनों हाथ झुलस गए।
सोनम के पिता ने भी रचाई है चार शादियां
सोनम की मौत की सूचना पर उसके पिता शिकोहाबाद के जगन्नाथपुरी अंतर्गत कमल टॉकीज के पास रहने वाले रवींद्र सिंह जगतपुर गांव पहुंचे। उनके साथ उनकी तीन पत्नियां मिथलेश, मीरा सिंह व दुर्गेश सिंह भी थी। रवींद्र सिंह के अनुसार एक पत्नी घर पर ही थी। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि मामले में मीरा सिंह द्वारा पोस्टमार्टम के लिए तहरीर दी गई थी, लेकिन रवींद्र की चार पत्नियों में से सोनम की असली मां कौन है, उसी की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं आरोपी पति को गिरफ्तार करके पूछताछ कर रही है।
