पटना। सत्ता परिवर्तन के बाद से ही बिहार सरकार की कार्यशैली बदल गई। अब बिहार पुलिस भी यूपी की तर्ज पर अपराधियों के सफाया के लिए अभियान लांच कर चुकी है। इसी क्रम में बुधवार को पटना जिले के मनेर में पुलिस और अपराधियों में हुई मुठभेड़ में तीन इनामी मार गिराए गए, हालांकि इस दौरान एक थानेदार भी घायल हो गए । यह मुठभेड़ शेरपुर गंगा घाट के पास हुई। मारे जाने वालों में जेपी यादव और उसके दो सहयोगी बबलू तथा राजा शर्मा शामिल थे। तीनों पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में शामिल थे। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी JP Yadav
था। पटना एसएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही गोलीबारी से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।
गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि दानापुर और मनेर में हुए पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में वांछित जेपी यादव अपने साथियों के साथ शेरपुर गंगा घाट के आसपास छिपा है। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए इलाके में कार्रवाई शुरू की। इसी पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों आरोपियों को गोली लगी। बाद में उनकी मौत हो गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एफएसएल टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। इन तीनों आरोपियों के सहयोगियों की भी तलाश पुलिस कर रही है। वहीं घायल थानेदार रजनीश कुमार के इलाज को लेकर भी जानकारी सामने आनी बाकी है।
