वाराणसी। WeddingChaos यूपी के वाराणसी जिले में विवाह समारोह में जयमाल के दौरान उस समय हंगामा मच गया,जब प्रेमी को देखकर दुल्हन ने वर के गले में जयमाला डालने से इंकार कर दिया। देर रात तक चली पंचायत और पुलिस की समझाइश के बावजूद मामला नहीं सुलझ सका और आखिरकार बिना शादी के ही बारात वापस लौट गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छितौनी गांव की राजभर बस्ती में मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कंदवा से बरात आई थी। द्वार पूजा की रस्में पूरी होने के बाद रात करीब 11 बजे जयमाला कार्यक्रम शुरू हुआ। मंच पर पहुंची दुल्हन ने अचानक वर के गले में जयमाला डालने से मना कर दिया। यह देखकर घराती और बराती हैरान रह गए।
देर रात तक चली पंचायत
जयमाला के दौरान युवती का प्रेमी भी मौके पर पहुंच गया था। प्रेमी को देखते ही युवती असहज हो गई और उसने शादी से इनकार कर दिया। इस बीच, घरातियों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी, लेकिन वह मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। प्रेमी चोलापुर थाना क्षेत्र के भटौली गांव का रहने वाला है। विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच देर रात तक पंचायत चलती रही। परिजन और रिश्तेदार शादी कराने का प्रयास करते रहे, लेकिन बात नहीं बन सकी। युवती के परिजनों ने कोटवां पुलिस चौकी पर प्रार्थना पत्र देकर हस्तक्षेप की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वर पक्ष शादी करने के लिए तैयार नहीं हुआ।
काफी देर तक चली बातचीत के बाद अंततः बरात बिना शादी के ही वापस लौट गई। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में इस मामले की चर्चा होती रही। स्थानीय लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए। पुलिस का कहना है कि मामले में किसी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है। हालांकि घटना को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
FiveDead : बुलंदशहर में ट्रक ने बाइक सवारों को कुचला, माता-पिता समेत तीन बच्चों की मौत
