मेरठ। Gangster Murder यूपी के मेरठ निवासी गैंगस्टर गुलफाम परिवार के साथ ढाई महीने से गाजियाबाद के मसूरी में रह रहा था। चचेरे भाई आरिफ के साथ उसने शराब पी। इसके बाद दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। आरिफ ने सब्जी की ठेली से चाकू उठाकर गुलफाम की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी को दबोच लिया।कार्यवाहक एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि मूल रूप से मेरठ के किठौर स्थित शाहजहांपुर के कुरेशियान मोहल्ला निवासी गुलफाम मसूरी क्षेत्र में रेलवे स्टेशन रोड पर किराये के मकान में रहता था। दोपहर तीन बजे वह एसएस फ्रोजन फूड्स मीट फैक्टरी में चचेरे भाई आरिफ से मिलने गया था। गुलफाम रिश्ते में आरिफ का साढ़ू भी था।जांच में सामने आया है कि गुलफाम शराब पीने का आदी था। आरिफ भी नियमित नशा करता है।
सोमवार दोपहर करीब तीन बजे दोनों ने मीट फैक्टरी के सामने नाले के पास बैठकर शराब पी। इसी दौरान दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। नशे में आरिफ ने सब्जी की ठेली से चाकू उठाकर गुलफाम के सीने पर दो वार कर दिए। इसके बाद उसको लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग गया। मसूरी पुलिस ने घायल गुलफाम को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
किठौर थाने का गैंगस्टर था गुलफाम
गुलफाम ढाई माह पूर्व ही शाहजहांपुर से भागकर मसूरी आया था। यहां वह पत्नी और दो बेटियों के साथ रेलवे रोड पर रहकर सब्जी बेचता था। थाना प्रभारी किठौर सुबोध त्यागी ने बताया कि गुलफाम के खिलाफ वर्ष 2021 में गोहत्या का केस दर्ज है। इसी केस में वर्ष 2023 में गुलफाम पर गैंगस्टर लगा था। हत्यारोपी आरिफ के खिलाफ वर्ष 2021 में मारपीट की प्राथमिकी दर्ज है। आरिफ का घर भी किठौर के शाहजहांपुर में कुरेशियान मोहल्ले में है। पुलिस के अनुसार उसे दबिश देकर वहीं से पकड़ा गया।
