प्रयागराज । UPPCS Results: यूपीपीएससी ने रविवार आधी रात सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया। 947 पदों के मुकाबले 932 पदों पर चयनित हुए अभ्यर्थियों में नेहा पांचाल टॉपर रहीं। यूपी की अनन्या त्रिवेदी को दूसरा स्थान मिला। टॉप सात में छह बेटियों ने स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर अभय प्रताप सिंह, चौथे पर अनामिका मिश्रा, पांचवें पर नेहा सिंह, छठे पर दीप्ति वर्मा, सातवें पर पूजा तिवारी, आठवें पर अनुराग पांडे, नवें स्थान पर शुभम सिंह और दसवें स्थान पर आयूष पांडे चुने गए हैं।
लोक सेवा आयोग की ओर से मुख्य परीक्षा का परिणाम 4 फरवरी 2026 को जारी किया गया था। इसमें 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया था। हाईकोर्ट में दाखिल याचिकाओं पर पारित आदेश के अनुपालन के क्रम में दो अन्य अभ्यर्थियों को भी साक्षात्कार के लिए औपबंधिक रूप से सफल घोषित किया गया था। साक्षात्कार 26 फरवरी से 23 मार्च तक आयोजित किए गए। इसमें 21 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसके बाद सिर्फ पांच दिन बाद अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया। कुल 24 प्रकार के पदों और सेवाओं के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। व्यवस्थाधिकारी पद की एक एवं व्यवस्थापक पद की 14 रिक्तियां उपयुक्त अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण खाली रह गईं। चयन परिणाम आयोग की वेबसाइट http://uppsc.up.nic.in पर उपलब्ध है।
आयोग के सचिव अशोक कुमार के अनुसार, परीक्षा के आधार पर अंतिम रूप से सफल घोषित किए गए जिन अभ्यर्थियों के नाम के आगे प्रोविजनल अंकित हैं, उनसे अपेक्षा की गई है कि वे निर्धारित तिथि तक वांछित अभिलेख अवश्य प्रस्तुत कर दें, वरना आयोग उनका चयन/अभ्यर्थन निरस्त कर देगा। अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और श्रेणीवार/पदवार कटऑफ अंकों की सूचना जल्द ही आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी।
Iran Attacks Kuwait : ईरान ने कुवैत के पावर प्लांट पर किया हमला, एक भारतीय कर्मचारी की मौत
