अयोध्या।LordShriRam: भगवान श्रीराम के दरबार में भक्तों द्वारा समर्पित की गई राशि की चोरी के मामले में जैसे—जैसे जांच आगे बढ़ रही है,वैसे—वैसे पोल खुल रही है। चढ़ावा चोरी के आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू ने चोरी के पैसे से बेटे के नाम 24 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी, उसने काफी रकम नकदी में दी थी जबकि, बैंक खाते के माध्यम से करीब नौ लाख रुपये ही दिए गए थे। पुलिस नकद दी गई धनराशि चढ़ावा चोरी से संबंधित मान रही है। ऐसे में अब यह जमीन जब्त करने की तैयारी की जा रही है।
बता दें कि चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद टिन्नू यादव समेत सभी आरोपियों की संपत्तियां खंगाली जा रही हैं। कस्टडी रिमांड के दौरान हुई पूछताछ और तहसील से मिले दस्तावेज के आधार पर एक टिन्नू के बेटे रवि यादव के नाम खरीदी गई एक जमीन का खुलासा हुआ है। यह जमीन करीब सालभर पहले सहादतगंज क्षेत्र में खरीदी गई थी। जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेज और भुगतान के तरीके की गहन जांच में यह तथ्य सामने आया है कि कुल भुगतान का बड़ा हिस्सा नकद दिया गया था।
रवि यादव के नाम खरीदी गई यह जमीन भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के बेहद करीबी व पारिवारिक सदस्य से खरीदी गई थी। बीते दिनों टिन्नू की कस्टडी रिमांड के दौरान पुलिस ने जमीन बेचने वालों से भी पूछताछ की है। जमीन की लोकेशन के आधार पर इस जमीन की मौजूदा कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि, कागजों में इसके करीब 35 लाख रुपये में खरीदने की जानकारी मिली है।
