मेरठ: Fast Food Vendor डेढ़ माह से लापता महिला कबड्डी खिलाड़ी की हत्या पुलिस चौकी के पास फास्टफूड विक्रेता ने की थी। वारदात के डेढ़ माह बाद आरोपी चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि इससे पहले पुलिस दो बार आरोपी को पकड़कर भी हत्या का उससे अपराध नहीं कबूल करवा पाई थी।पुलिस के अनुसार 3600 रुपये नहीं देने पर मेरठ के कंकरखेड़ा में फास्टफूड विक्रेता ने राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की ईंट मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने 15 अप्रैल की रात को ही वारदात को अंजाम देने के बाद शव को रोहटा रोड पर नाले में फेंक दिया था। पुलिस ने देहरादून निवासी आरोपी श्याम धानक को चंडीगढ़ से गिरफ्तार करके शव के अवशेष बरामद किए हैं। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि दौराला निवासी नेमपाल की बेटी इंटरमीडिएट की छात्रा अनुष्का कंकरखेड़ा क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। 15 अप्रैल की रात से वह लापता थी। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ था।
दस दिन बाद थाने पहुंचे परिजन
बेटी के लापता होने के बाद परिजनों ने 10 दिन बाद कंकरखेड़ा थाने में लिखित शिकायत दी थी। ठोस कार्रवाई नहीं होने पर शनिवार को परिजन एडीजी और एसएसपी ऑफिस पहुंचे थे। अधिकारियों के निर्देश पर अलर्ट हुई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रोहटा फ्लाईओवर के पास फास्टफूड सेंटर चलाता था। अनुष्का फास्टफूड खाने के लिए आती थी। उस पर 3600 रुपये उधार हो गए थे।
पुलिस को छकाता रहा आरोपी
आरोपी काफी शातिर किस्म का है, वह बार— बार पुलिस को छकाता रहा है। शनिवार को एडीजी भानु भास्कर और एसएसपी अविनाश पांडेय की सख्ती के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया गया। दौराला थाना क्षेत्र के चिरोड़ी गांव निवासी अनुष्का दो वर्षों से कंकरखेड़ा के शोभापुर में अपने भाई अनमोल के साथ किराए के मकान में रह रही थी। वह पढ़ाई के साथ साथ कबड्डी का अभ्यास करती थी और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में खेलती थी। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि 15 अप्रैल की रात करीब 11 बजे आरोपी ने छात्रा की हत्या कर दी थी।
पैसे के लिए शुरू हुआ झगड़ा
अनुष्का फास्टफूड विक्रेता को कुछ दिन में रुपये देने की बात कह रही थी, लेकिन आरोपी जिद पर अड़ गया था। आरोपी के झगड़ा करने पर अनुष्का ने कड़ा विरोध किया। वह श्याम से भिड़ गई। तभी वह बौखला गया और उसने ईंट उठाकर उसके सिर पर वार कर दिए।पिता नेमपाल ने बताया कि अनुष्का जब मेडल जीतकर लौटती थी तब पूरा गांव झूमने लगता था। परिवार को उम्मीद थी कि उनकी बेटी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेगी। लेकिन, आरोपी ने मात्र 36 सौ रुपये के लिए उसकी जान ले ली। अनुष्का की हत्या की जानकारी होने पर परिवार का रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में हत्या को लेकर रोष और शोक व्याप्त है।
