झांसी। Beacon of Honesty एक तरफ जहां लोग दस- बीस रुपये के लिए किसी की जान लेने से पीछे नहीं हट रहे है, वहीं दूसरी ओर यूपी के झांसी से ईमानदारी की ऐसी खबर आई है, जिसे पढ़कर आप भी कह उठेंगे कि इंसानियत और ईमानदारी अभी भी जिंदा है। सीपरी बाजार क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक धर्मपाल सिंह अहिरवार ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए महिला यात्री का करीब 14 लाख रुपये के जेवर से भरा बैग सुरक्षित पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पता लगाकर वह बैग महिला को सौंप दिया। ई— रिक्शा चालक की ईमानदारी से प्रभावित होकर एसपी ने उसे सम्मानित किया।
पुलिस के पास पहुंचकर सौंपा बैग
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि बनगांव मप्र निवासी महिला 20 अप्रैल को झांसी लौट रही थी। यात्रा के दौरान वह ई-रिक्शा में बैग भूल गईं। बैग में सोने व चांदी के आभूषण थे। महिला की सूचना पर थाना सीपरी बाजार पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की तलाश शुरू की। पुलिस को ई-रिक्शा का पता चला लेकिन, पुलिस के पहुंचने से पहले ही ई-रिक्शा चालक दतिया निवासी धर्मपाल सिंह अहिरवार अपने गांव के सरपंच प्रह्लाद यादव के साथ पुलिस के पास पहुंचकर बैग सौंप दिया। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने ई-रिक्शा चालक के जज्बे की सरहाना करते हुए उसे प्रशस्ति पत्र दिया है। एसएसपी ने लोगों से आग्रह किया इसी तरह निजी स्वार्थ को छोड़कर समाज में हित काम करें।
BabaKedarnath : पूजा-अर्चना के बाद खुले बाबा केदारनाथ के धाम, भोले जयकारों से गूंज उठी घाटी
