Azamgarh News। यूपी के आजमगढ़ जिले में दो दिन से लापता भाजपा नेता के बेटे का शव मंगलवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के मछली मार्केट के पास तमसा नदी में मिला।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से परिवार में मातम छाया हुआ है।
सिधारी निवासी रामप्रताप सिंह भाजपा कार्यसमिति के सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र नमन प्रताप सिंह (17) इंटरमीडिएट का छात्र था। वह 8 मार्च को घर से लापता हो गया। अपने स्तर से उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पिता ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
मंगलवार की दोपहर शहर कोतवाली क्षेत्र के मछली मंडी के पास तमसा नदी में स्थानीय लोगों ने एक शव उतराया देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान नमन प्रताप सिंह के रूप में हुई। इसकी सूचना पुलिस ने परिजनों को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ सिटी आजमगढ़ शुभम तोदी ने बताया कि सोमवार को रामप्रताप सिंह ने अपने 17 वर्षीय पुत्र के लापता होने की सूचना दी थी, जिस पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मंगलवार को तमसा नदी से शव बरामद हुआ है। मौके पर स्थानीय पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम जांच-पड़ताल कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
