आगरा। Train : यूपी के आगरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, आगरा कैंट स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान स्टेशन उपाधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर को गिराकर पीटने और घसीटकर आरपीएफ पोस्ट ले जाने के मामले ने रविवार को नया मोड़ ले लिया। इसके विरोध में नरेंद्र सिंह चाहर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ डीआरएम कार्यालय पहुंचे, जहां रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इस दौरानल फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर भी पहुंचे और दोषी आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की।
बैठक डीआरएम कार्यालय से निकलकर रेलवे इंस्टीट्यूट परिसर स्थित पार्क में हुई। इसमें डीआरएम के अलावा एडीआरएम, एसीएम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम), वरिष्ठ मंडल परिचालन, आरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट, आरपीएफ के कमांडेंट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में नरेंद्र सिंह चाहर ने अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि उनके साथ जो दुर्व्यवहार हुआ, वह अत्यंत गलत है। उन्होंने संबंधित आरपीएफ कर्मियों से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाने, उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करने तथा मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
बैठक में मौजूद उनकी पत्नी ने भी घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए दोषी कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना से पूरे परिवार को मानसिक पीड़ा हुई है और दोषियों को दंड मिलना चाहिए। इसी दौरान फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर भी बैठक में पहुंचे। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि रेलवे प्रशासन दोषी आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करे। साथ ही उन्होंने संबंधित कर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की भी मांग की।
ये है पूरा मामला
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर हीराकुंड एक्सप्रेस को रुकवाने पर स्टेशन उपाधीक्षक (डिप्टी एसएस) नरेंद्र सिंह चाहर की आरपीएफ के जवानों से बहस हो गई। इसके बाद आरपीएफ जवानों ने डिप्टी एसएस को प्लेटफॉर्म पर गिरा-गिराकर पीटा। घसीटते हुए आरपीएफ पोस्ट तक ले गए। घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हीराकुंड एक्सप्रेस भी कुछ देर स्टेशन पर खड़ी रही। घटना के कई वीडियो वायरल हो गए। रेल प्रशासन ने दो एएसआई समेत चार जवानों को निलंबित कर दिया। साथ ही जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है।
चोर को बना दिया खजाने का चौकीदार, घोटाले में बर्खास्त बैंककर्मी को बना दिया था गणना प्रभारी
