Pilibhit यूपी के पीलीभीत जनपद में पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए दिल दहलाले वाले हादसे में एक ट्रक चालक जिंदा जलकर मौत हो गई। ट्रक में भारी मात्रा में प्लास्टिक के टुकड़े लदे होने से आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। चालक केबिन में ही फंस गया और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। इसके बाद चालक के शव को निकाला गया।
प्लास्टिक के टुकड़े लदे थे
हादसा शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे थाना पूरनपुर क्षेत्र में बड़ी नहर और धन्ना गुरुद्वारे के बीच हुआ। पुलिस के अनुसार ट्रक पीलीभीत से पूरनपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक में प्लास्टिक के टुकड़े भरे होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और पूरा ट्रक आग का गोला बन गया। जलते हुए ट्रक को देखकर राहगीरों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चालक की केबिन के अंदर ही जलकर मौत हो चुकी थी।
चालक की नहीं हो सकी पहचान
घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। चालक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस तकनीकी और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
