सोनभद्र।Death of three youths: यूपी के सोनभद्र जनपद गुरुवार शाम वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर पिपरी थाना क्षेत्र के मड़ैया गांव के पास बेकाबू ट्रेलर बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया, मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रेलर और शवों को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया।पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम करीब 5:30 बजे तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मकरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मड़ैया गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को सड़क से हटाकर कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए हिंडाल्को चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया। दुर्घटना के कारण वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कुछ समय तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और ट्रेलर को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनकी शिनाख्त का प्रयास कर रही है। आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा सके। पिपरी थाना प्रभारी राजेश जी. चौबे ने बताया कि मृतकों की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना देकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई जाएगी। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
