बाराबंकी: FiveHourWedding तेजी से बदल रही लाइफ स्टाइल ने आज रिश्तों की परिभाषा ही बदल दी। लोगों की नजर में आज रिश्तों की अहमियत खत्म होती जा रही है। कुछ ऐसा ही हैरान करने वाला मामला यूपी के बाराबंकी जिले से सामने आया, जहां एक विवाहित जोड़े ने विवाह के पांच घंटे बाद ही रिश्ते को खत्म करके आगे बढ़ गए। एक ही दिन शादी और पांच घंटे बाद तलाक की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
बता दें कि बाराबंकी के फतेहपुर कस्बे में निकाह के बाद मेहर को लेकर हुए विवाद पर युवती ने ससुराल जाने से इन्कार कर दिया। इस पर निकाह के पांच घंटे बाद ही तलाक हो गया और बरात लौट गई। मोहल्ला नालापार दक्षिणी निवासी युवती का निकाह सद्दीपुर पट्टी निवासी जावेद के साथ तय हुआ था। शुक्रवार दोपहर बरात फतेहपुर पहुंची। स्वागत और दावत के बाद निकाह की रस्म पूरी कराई गई। जनाती पक्ष का कहना है कि निकाह के बाद मेहर अदायगी को लेकर दूल्हे पक्ष के खराब व्यवहार और बाइक की मांग को लेकर विवाद शुरू हो गया। कुछ बरातियों ने नशे की हालत में गाली-गलौज की तो माहौल और बिगड़ गया।
बाइक को लेकर बिगड़ी बात
मामला बढ़ने पर नगर पंचायत चेयरमैन इरशाद अहमद कमर और सद्दीपुर ग्राम प्रधान शमशेर को बुलाया गया। दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन युवती ने ससुराल जाने से मना कर दिया। युवती की इच्छा को देखते हुए आगे की रस्में रोक दी गईं और निकाह के करीब पांच घंटे बाद आपसी सहमति से तलाक हो गया। लिखापढ़ी पूरी होने के बाद रात 10 बजे बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।
