कौशांंबी।Seven Dead in Kaushambi : यूपी के कौशाम्बी में शुक्रवार को सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। जबकि हादसे में 18 श्रद्धालु घायल हो गए। यह हादसा डोरमा पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ जब सड़क किनारे खड़े ट्राला में पीछे से बेकाबू पिकअप भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखचे उड़ गए और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।पिकअप में करीब 25 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सभी लोग फतेहपुर जिले के मलवां क्षेत्र के बड़ोखर गांव के रहने वाले हैं। वे लोग रामनवमी के अवसर पर शीतला धाम दर्शन करने के लिए पिकअप बुक कर सुबह आए थे और वापस लौटते समय दोपहर करीब पौने चार बजे यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद मची चीख—पुकार
हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख— पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल भेजने के लिए चार एंबुलेंस लगाई गईं। घायलों को अस्पताल ले जाते समय सात लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है। हादसे के कारण कुछ देर तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। क्रेन के माध्यम से क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया गया। घटना के बाद हाईवे पर आवागमन अवरुद्ध हो गया।
सड़क पर तड़पते रहे घायल
घटना के बाद चीख पुकार मची रही। सड़क पर घायल तड़पते रहे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल भेजवाया। हादसे से बाद बड़ी संख्या में घायल सड़क पर पड़े रहे। इसके चलते काफी देर तक हाईवे पर आवागमन बाधित रहा। हादसे के बाद तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। वहीं पुलिस मृतकों की शिनाख्त कराने के साथ ही घायलों के इलाज में जुटी हुई है।
