सीतापुर। यूपी के Sitapur में एक बार फिर खाकी का शर्मानाक चेहरा सामने आया है। यहां अपनी दुकान के सामने सो रहे दुकानदार को चौकी इंचार्ज और उनके साथियों ने आधी रात को उठाकर बेरहमी से पिटाई की, जिसके कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस की बर्बरतापूर्वक कार्रवाई से ग्रामीणों में आक्रोश् है, वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी सरकार को एक्स पर घेरा है।
यह मामला सीतापुर जिले के सिधौली कोतवाली क्षेत्र के भंडिया चौकी क्षेत्र का है। चौकी इंचार्ज मणिकांत श्रीवास्तव पर आरोप है कि उन्होंने मंगलवार देर रात दुकान के बाहर सो रहे सत्यपाल यादव (26) की पिटाई कर दी। इलाज के दौरान उसने बुधवार सुबह दम तोड़ दिया। इससे नाराज परिजनों ने ग्रामीणों के साथ महमूदाबाद मार्ग जाम कर दिया।करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह जाम खुलवाया गया। पिता सोबरन की तहरीर पर चौकी इंचार्ज व उनके हमराही सिपाही पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया।
शोर सुनकर पहुंचे परिजन
जसवंतपुर गांव के मजरा कटसरैया निवासी सत्यपाल यादव की जाफरीपुरवा में परचून की दुकान है। वह मंगलवार रात दुकान के बाहर ही सो रहे थे। पिता सोबरन ने बताया कि देर रात चौकी इंचार्ज मणिकांत श्रीवास्तव हमराही के साथ गश्त कर रहे थे। उन्होंने सत्यपाल को जगाकर पूछताछ की। आरोप है इसी बीच पुलिसकर्मियों ने सत्यपाल को लाठी और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। शोर सुनकर आंख खुली तो परिजनों को सूचना दी। इसके बाद दूसरे पुत्र विशाल मौके पर पहुंचे। सत्यपाल को गंभीर हालत में सीएचसी सिधौली लेकर पहुंचे,जहां डॉक्टरों ने बुधवार सुबह जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान सत्यपाल ने दम तोड़ दिया; बता दें मरणासन्न हालत में पड़े सत्यपाल का आसपास के दुकानदारों ने वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

घायल का वीडियो वायरल
पहले तो सिधौली पुलिस मामले में लीपापोती करती नजर आई। इस वीडियो का एसपी अंकुर अग्रवाल ने संज्ञान लिया तो इंस्पेक्टर बलवंत शाही को फटकारा। यह वीडियो देखकर ही उन्होंने दरोगा मणिकांत श्रीवास्तव व हमराही पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करवाया। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सत्यपाल सड़क पर पड़े हैं। इसमें दरोगा मणिकांत मौके पर खड़े हैं। एक ग्रामीण उनसे पूछ रहा है कि किसने मारा तो सत्यपाल दरोगा के लिए कहते नजर आ रहे हैं कि ई बाबूजी हमका मारिन हैं।
पहले इस मामले में एसपी अंकुर अग्रवाल को बताया गया कि सत्यपाल के पिता सोबरन ने उनकी पिटाई की है। जब मीडिया ने एसपी को सभी तथ्य बताए तो एसपी ने पुलिसकर्मियों को फटकारा। इसके बाद मृतक के भाई अमित यादव का भी एक वीडियो सामने आया, इसमें वह पुलिसकर्मियों पर सीधा आरोप लगाते नजर आए। आरोप लगाते समय अमित सीएचसी सिधौली में बेहोश होकर भी गिर पड़े। परिजन भी सत्यपाल की मौत पर बदहवास हो गए।
निष्पक्ष जांच होगी : एसपी
इस मामले में एसपी अंकुर अग्रवाल का कहना है पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी। आरोपी दरोगा व उसके हमराही पर केस दर्ज कर लिया गया है। किन परिस्थितियों में घटना हुई, इसकी भी जांच की जाएगी। मृतक का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है। बिसरा सुरक्षित रखा गया है। जांच जारी है। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। वीडियोग्राफी भी हुई है। केस दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की गहनता से जांच होगी।
16 को कोलकाता में ‘The Bengal Files’ का ट्रेलर लॉन्च करेंगे विवेक रंजन अग्निहोत्री
