भागलपुर । बिहार के भागलपुर जिले में सोमवार करो दिल दहलाने वाली घटना से पूरे गांव में कोहराम मचा दिया। सुल्तानगंज प्रखंड के भीरखुद पंचायत स्थित तरेटा गांव में बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी में बच्चों की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सभी छह बच्चों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान राहुल कुमार, विकास कुमार, ज्योति कुमारी, पूजा कुमारी, मीनाक्षी कुमारी और आयुष कुमार के रूप में हुई है। सभी बच्चों की उम्र करीब 10 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
गांव में पसरा मातम
छह बच्चों की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर और अस्पताल में जुट गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही मृतक बच्चों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एनडीए कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने पर एनडीए के कार्यकर्ता भी सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया। साथ ही सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि दिलाने की बात कही। सुल्तानगंज के अंचल पदाधिकारी रमण कुमार भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने सरकारी प्रावधान के अनुसार परिवारों को सहायता दिलाने का भरोसा दिया। घटना के दौरान अस्पताल और आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
