वेदांता प्रस्तुत Jaipur Literature Festival के 20वें संस्करण के लिए वक्ताओं की दूसरी सूची जारी

Second list of speakers released for the 20th edition of the Vedanta Jaipur Literature Festival

पिछले दो दशकों में जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल विचारों और कहानियों के आदान-प्रदान के एक वैश्विक मंच के रूप में उभरा है।

  • पुरस्कार विजेता लेखकों, प्रतिष्ठित इतिहासकारों, अग्रणी वैज्ञानिकों, सांस्कृतिक विचारकों और सार्वजनिक जीवन की प्रभावशाली हस्तियों सहित विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी शख्सियतें फेस्टिवल के इस विशेष संस्करण में शामिल होंगी

नई दिल्ली: साहित्यिक खोज और सांस्कृतिक संवाद के दो दशक पूरे करने जा रहे वेदांता प्रस्तुत Jaipur Literature Festival ने अपने 20वें संस्करण के लिए वक्ताओं की दूसरी सूची जारी की है। फेस्टिवल का आयोजन 14 से 18 जनवरी 2027 तक जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में किया जाएगा। इस सूची में विभिन्न विषयों, भौगोलिक क्षेत्रों और पीढ़ियों के बीच विमर्श को आकार देने वाले लेखक, इतिहासकार, शिक्षाविद, वैज्ञानिक, पत्रकार, कलाकार और सार्वजनिक जीवन की प्रमुख हस्तियां शामिल हैं।

पिछले दो दशकों में जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल विचारों और कहानियों के आदान-प्रदान के एक वैश्विक मंच के रूप में उभरा है। इसने भारत और दुनिया भर के दर्शकों को प्रतिष्ठित लेखकों और उभरते विचारों से रूबरू होने का अवसर दिया है। वक्ताओं की दूसरी सूची में कथा साहित्य और कविता से लेकर साम्राज्यों और सभ्यताओं के इतिहास, पहचान और वैज्ञानिक खोजों, अंतरराष्ट्रीय मामलों, स्वास्थ्य एवं कल्याण, खानपान और कला जैसे विविध विषयों से जुड़ी हस्तियां शामिल हैं।

इस सूची में फलस्तीनी लेखिका अदानिया शिबली शामिल हैं, जिनके उपन्यास माइनर डिटेल को नेशनल बुक अवॉर्ड और इंटरनेशनल बुकर प्राइज के लिए नामांकित किया गया था। उनके साथ मानव विकास और पुरातत्व पर अपने काम के लिए जानी जाने वाली जैविक मानवविज्ञानी, लेखिका और प्रसारक एलिस रॉबर्ट्स तथा भारतीय बौद्धिक इतिहास और राजनीतिक चिंतन पर शोध करने वाली अनन्या वाजपेयी भी फेस्टिवल में शामिल होंगी। वक्ताओं की सूची में पुलित्जर पुरस्कार विजेता जीवनीकार और लेखक बेंजामिन मोजर, हार्वर्ड विश्वविद्यालय की प्रोफेसर और पुलित्जर पुरस्कार विजेता इतिहासकार कैरोलीन एल्किंस, जिनका शोध ब्रिटिश ‘उदार साम्राज्यवाद’ की अवधारणा को चुनौती देता है, तथा पहचान, रिश्तों और समकालीन जीवन पर लेखन के लिए चर्चित उपन्यासकार क्लेयर मेसुड भी शामिल हैं।

दार्शनिक पड़ताल के साथ कथा साहित्य

फेस्टिवल में प्राचीन भूमध्यसागरीय क्षेत्र और निकट पूर्व के इतिहास पर शोध करने वाले पुरातत्वविद एवं इतिहासकार एरिक क्लाइन, संघर्ष समाधान और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के क्षेत्र में काम करने वाली गैब्रिएल रिफकिंड तथा आदिवासी पहचान को अपने कथा साहित्य का विषय बनाने वाले लेखक हंसदा सोवेंद्र शेखर भी शामिल होंगे। मराठी नाटककार, उपन्यासकार और रंगमंच निर्देशक मकरंद साठे, शास्त्रीय साहित्य पर अकादमिक कार्य करने वाली मीरा सियो तथा पहचान, परिवार और अपनेपन जैसे विषयों पर लेखन करने वाली कवयित्री एवं उपन्यासकार मोना अर्शी भी वक्ताओं की सूची में हैं। प्रतिष्ठित कला इतिहासकार और ब्रिटिश म्यूजियम के पूर्व निदेशक नील मैकग्रेगर कला एवं सांस्कृतिक इतिहास पर अपने विचार साझा करेंगे। वहीं, प्रसिद्ध मलयालम लेखक और निबंधकार पॉल जकारिया भी फेस्टिवल में शामिल होंगे। उनके लेखन में सामाजिक टिप्पणी, व्यंग्य और दार्शनिक पड़ताल के साथ कथा साहित्य का मेल देखने को मिलता है।

नई सूची में शेफ और रेस्तरां व्यवसायी रितु डालमिया भी शामिल हैं, जो लोकप्रिय इटैलियन रेस्तरां दिवा की सह-मालकिन हैं। व्यक्तिगत विकास पर अपने काम के लिए जानी जाने वाली लेखिका और सेल्फ-डेवलपमेंट कोच रॉक्सी नफूसी तथा स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय कार्डियोवस्कुलर सर्जन श्रीराम नेने भी फेस्टिवल का हिस्सा होंगे। नोबेल पुरस्कार विजेता आनुवंशिकीविद और कोशिका जीवविज्ञानी सर पॉल नर्स विज्ञान के क्षेत्र में अपने अग्रणी विचार प्रस्तुत करेंगे। वहीं, कास्ट मैटर्स के लेखक सूरज येंगडे जाति, नस्ल और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर विचार रखेंगे।

अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आदान—प्रदान

पूंजीवाद और वैश्विक आर्थिक इतिहास पर अपने शोध के लिए जाने जाने वाले हार्वर्ड विश्वविद्यालय के इतिहासकार स्वेन बेकर्ट भी वक्ताओं की सूची में शामिल हैं। इनके साथ प्रवासन, पहचान और सांस्कृतिक मेलजोल जैसे विषयों पर लेखन करने वाले उपन्यासकार, कवि और आलोचक ताबिश खैर तथा लेखिका एवं भाषाविद थांगजाम हिंदुस्तानी देवी भी फेस्टिवल में शामिल होंगी।
इसके अलावा, व्यापार, परोपकार और सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में अपने कार्यों के लिए जानी जाने वाली अक्षता मूर्ति, प्रतिष्ठित पत्रकार, प्रसारक और लेखिका मिशाल हुसैन तथा एशियाई कला, संग्रहालयों और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में काम करने वाली कला इतिहासकार विशाखा एन. देसाई भी वक्ताओं की दूसरी सूची में शामिल हैं।

टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक संजॉय के. रॉय ने कहा, “जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के 20वें संस्करण की ओर बढ़ते हुए हम उन विविध आवाजों, विचारों और दृष्टिकोणों पर विचार कर रहे हैं, जिन्होंने पिछले दो दशकों में इस फेस्टिवल को आकार दिया है। साहित्य और इतिहास से लेकर विज्ञान, दर्शन, भू-राजनीति और कला तक, इन सभी विषयों ने जिज्ञासा और नई खोज की उस भावना को अभिव्यक्त किया है, जो जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के केंद्र में है। आज जब दुनिया को सार्थक संवाद के मंचों की पहले से कहीं अधिक आवश्यकता है, हम विभिन्न विषयों, संस्कृतियों और महाद्वीपों की सीमाओं से परे लोगों और विचारों को एक साथ लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा उद्देश्य ऐसे संवादों को बढ़ावा देना है, जो स्थापित धारणाओं को चुनौती दें, सोच का दायरा बढ़ाएं और हमें हमारी साझा मानवता की याद दिलाएं।”

 

 

Election results : चार सीटों पर लहराया भाजपा का परचम, वाराणसी में सपा विजयी, कई सीटों पर मतगणना जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Nyara M. Banerjee dominates every frame. गणेश जी के विविध नाम अंतरा बनर्जी की तस्वीर से मचा हड़कंप Rumors of Palak Tiwari and Ibrahim dating. Community unites against child labour, holds awareness rally.