लखनऊ।Education Department शिक्षक की नौकरी करने की चाहत रखने वालों के लिए खुशखबरी सरकार ने दी। सरकार की ओर से प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यालय प्रमुखों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए तीन विज्ञापन जारी किए हैं। इनके तहत प्रशिक्षित स्नातक सहायक अध्यापक (टीजीटी) के 17,735 पदों, हाईस्कूल स्तर के विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों और इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालयों में प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस प्रकार तीनों भर्तियों के माध्यम से कुल 20,382 पदों पर चयन का अवसर मिलेगा। इन भर्तियों से जहां शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं को अवसर मिलेगा, वहीं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों और शैक्षणिक नेतृत्व की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
टीजीटी के 17,735 पदों पर भर्ती
आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार टीजीटी के 17,735 पदों पर सीधी भर्ती होगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर और आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। भर्ती परीक्षा 23 और 24 दिसंबर 2026 को आयोजित किए जाने की तिथियां निर्धारित हैं।
इसी तरह अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के हाईस्कूल स्तर पर प्रधानाध्यापक (हेडमास्टर) के 1,172 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें बालक विद्यालयों के 1,037 और बालिका विद्यालयों के 135 पद शामिल हैं। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया 23 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गई है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 है। परीक्षा 7 जनवरी 2027 को निर्धारित की गई है।
प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर भर्ती
इंटरमीडिएट स्तर के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य (प्रिंसिपल) के 1,475 पदों हेतु जारी विज्ञापन के तहत भर्ती होगी। इनमें बालक विद्यालयों के 1,318 और बालिका विद्यालयों के 157 पद शामिल हैं। इस भर्ती के लिए भी ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन 23 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गया है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा 7 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।
आवेदन से पहले ओटीआर अनिवार्य
आयोग ने तीनों भर्तियों में आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था लागू की है। अभ्यर्थियों को संबंधित पद के लिए आवेदन करने से पहले ओटीआर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि शैक्षिक अर्हता, पात्रता और अन्य शर्तों की जानकारी के लिए अलग से व्यक्तिगत परामर्श नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका का अध्ययन करने के बाद ही आवेदन करना चाहिए। टीजीटी, प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in/ पर उपलब्ध है। प्रदेश में इन तीन भर्ती विज्ञापनों के जरिए कुल 20,382 पदों पर चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ने से माध्यमिक शिक्षा क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के साथ विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने की संभावना है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया पूरी करें।
