फिरोजाबाद।Road accident यूपी फिरोजाबाद जिले में शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। इस हादसे में पति—पत्नी समेत मासूम की मौत हो गई। कार में सवार महिला की बहन गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान मैनपुरी निवासी वरुण उर्फ शिवम यादव (28), रचना (26) और आर्यन (डेढ़ वर्ष) के रूप में हुई है।
मैनपुरी के यदुवंश नगर, भावंत चौराहा निवासी वरुण उर्फ शिवम यादव शुक्रवार को गर्भवती पत्नी रचना और बेटे आर्यन के साथ फिरोजाबाद के नसीरपुर थाना क्षेत्र स्थित ससुराल गांव नगला मेघ आए थे। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे उनका पूरा परिवार रचना की बहन मोना (20) के साथ कार से मैनपुरी लौट रहा था।अरांव थाना क्षेत्र में निन्नूराम कोल्ड स्टोरेज के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची अरांव थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला और जिला अस्पताल, फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने रचना और आर्यन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल वरुण को परिजन निजी अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान देर शाम उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घायल मोना का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
इकलाैते बेटे की माैत से घर में मातम
शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर अरांव थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को मौत की नींद सुला दिया। वरुण व कार में सवार अन्य किसी भी व्यक्ति ने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी थी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसका ड्राइवर साइड का पहिया डिवाइडर पर चढ़ गया। चढ़ते ही टायर फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा में सड़क पर जाकर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और इकलौते बेटे की मौत से पिता राजेंद्र बेसुध हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार कार में सवार किसी ने भी सीट बेल्ट नहीं लगाई थी, जिसके चलते कार के तीन-चार पलटी खाने के दौरान उन्हें जानलेवा चोटें आईं। साथ ही, टक्कर के वक्त कार के एयरबैग भी नहीं खुले। अगर सीट बेल्ट लगा रखी होती और एयरबैग खुल जाते तो शायद कर सवारों की जान बच जाती। कार इतनी रफ्तार में थी कि तीन से चार बार पलटी खाई थी।
गर्भवती बहन की देखभाल के लिए जा रही थी मोना
किसान राजेंद्र के इकलौते बेटे थे वरुण। बेटे, बहू रचना और डेढ़ वर्षीय पोते आर्यन की एक साथ मौत से वह बेसुध हो गए हैं। पूरे गांव में मातम पसर गया। हादसे में घायल हुई साली मोना (20) इंटर की छात्रा है। वह गर्भवती बहन रचना की देखभाल करने के लिए ही परिवार के साथ जा रही थी। मोना के पिता राकेश कुमार वन विभाग में रपड़ी ईको टूरिज्म केंद्र पर तैनात हैं। मृतक रचना, राकेश कुमार की छह संतानों (चार बेटे, दो बेटियां) में पांचवें नंबर की थी।
Mahashivratri: बम भोले के जयकारों से गूंज उठे शिवालय, काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
