वाराणसी। JusticeAfter13Years चार लोगों की 13 साल पहले हत्या करने के आरोपी को दोषी मानते हुए कोर्ट ने उसे फांसी की सजा सुनाई। यह सजा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार की अदालत ने दोषी रविंद्र उर्फ राजू पटेल को बुधवार को सुनाई है। चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की लाठी और रॉड से वार कर हत्या कर दी गई थी। फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की कि दोषी को तब तक फंदे से लटकाया जाए जब तक उसकी मौत न हो जाए। अदालत में वादी मुकदमा समेत 25 लोगों का बयान दर्ज हुआ था। साथ ही पुलिस ने घटना स्थल पर मिले साक्ष्य खून से सने कपड़े, जुते समेत अन्य साक्ष्य प्रस्तुत किया था।
पुलिस ने की कार्रवाई
इस मामले मृतक मोहनलाल जायसवाल के भाई अशोक कुमार जायसवाल ने 29 अक्तूबर 2013 में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। चंदापुर गांव में 29 अक्टूबर 2013 की रात 9.30 बजे लाठी रॉड से लेकर हमलावर घर में घुसा और यूपी जल निगम में ऑपरेटर रहे मोहनलाल जायसवाल उनकी पत्नी कुसुम देवी उर्फ झुना देवी, बेटा प्रदीप उर्फ गोलू और बेटी पूजा को बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी जबकि हमले में दूसरा बेटा संदीप जायसवाल भी घायल हुआ था, इलाज के बाद उसकी जान बच गई थी।
घटना के वक्त घर में केवल मृतक की बेटी आरती थी और उसने खुद को दूसरे कमरें में बंद कर के अपनी जान बचाई। यहीं से उसने चाची के मोबाइल नंबर पर फोन कर घटना से अवगत कराया। मामले की जानकरी होने पर हम लोग घर पहुंचे और दीनदयाल अस्पताल लेकर गए जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को घटना के छह दिन बाद चंदापुर नहर पुलिस के पास से गिरफ्तार किया था।
इसलिए की थी हत्या
तत्कालीन एसएसपी राजेश मोडक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोपी रविंद्र को मीडिया के सामने पेश करते हुए दावा किया था कि आरोपी ने चारों हत्याएं की हैं। पुलिस के अनुसार रविंद्र मोहनलाल से नाराज रहता था क्योंकि मोहनलाल उसे अपने घर के पास मांसाहार बनाने और शराब पीने से रोकते थे। इतना ही नहीं, मोहनलाल ने इस बात की शिकायत रविंद्र के पिता से भी की थी, जिसके कारण उसे परिवार की नाराजगी का सामना करना पड़ा था। पुलिस के मुताबिक इसी रंजिश में रविंद्र ने मोहनलाल को सबक सिखाने की योजना बनाई और उनके घर में घुसकर चारों की हत्या कर दी।
13 साल बाद मिला न्याय
अदालत से चार लोगों की हत्या के दोषी रविंद्र उर्फ राजू पटेल को फांसी की सजा मिलने के बाद मृतक के भाई अशोक कुमार जायसवाल ने बताया कि यह लंबी लड़ाई थी। भाई मोहन जायसवाल, भाभी कुसुम देवी उर्फ झुना देवी, भतीजा और भतीजी—सभी को अब जाकर न्याय मिला है। आरोपी ने एक झटके में पूरे खानदान को समाप्त कर दिया था। आज भी भतीजी आरती उस मंजर को याद कर सिहर उठती है। घटना के बाद वर्ष 2014 में भतीजा और भतीजी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। अदालत के इस फैसले से अब मृत आत्माओं को शांति मिली है। इस दौरान अशोक कुमार जायसवाल भावुक दिखे। उन्होंने बताया कि भाई की नौकरी के दौरान हत्या होने के कारण मृतक आश्रित कोटे के तहत भतीजे संदीप को नौकरी मिली है।
Murder of a Child : आगरा में जूता कारोबारी के बेटी की हत्या,किराएदार के कमरे में मिला बच्ची का शव
