
रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना ने लोगों को चकित किया। यहां संपत्ति के लिए एक पोते ने दादी की गोली मारकर हत्या कर दी।यह दिल दहलाने वाली घटना रोहतक के सांपला खंड के गांव समचाना गांव का है। यहां प्रॉपर्टी विवाद में पोते ने अपनी 85 वर्षीय दादी की सिर में गोली मार दी। इसके बाद बाइक से फरार हो गया। सांपला पुलिस ने बुजुर्ग महिला के बेटे के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक समचाना गांव निवासी फूल कंवार ने पुलिस को बताया कि वे 5 भाई और 6 बहनें है। उसके भाई जयसिंह व दो बहनों की मौत हो चुकी है। दो भाई का परिवार दिल्ली के नरेला में रहता है। उनकी पुश्तैनी जमीन का बंटवारा हो चुका है। एक प्लॉट का विभाजन नहीं हुआ है। जिसके बंटवारे को लेकर शुक्रवार शाम को करीब साढ़े 7 बजे भाई जयसिंह का लड़का राज सिंह घर आया था। घर पर वह और उसका लड़का रोहित थे।
राज सिंह अपनी दादी चमेली देवी से बात कर रहा था। मां ने कहा कि बैठकर बात कर लेंगे। मां के इतना कहने के बाद राज सिंह ने पिस्तौल निकालकर सिर में गोली मार दी, जिससे मां की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि जाते समय राज सिंह धमकी देकर गया है कि उसका हिस्सा दे देना, नहीं तो तेरे को भी देख लूंगा। पुलिस ने आरोपी राज सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
दादी के नाम पर था प्लाट
महिला की हत्या की सूचना पाकर सांपला पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम के साथ छानबीन की। एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया ने वारदात का सुराग ढूंढने का प्रयास किया। फर्श पर खून बिखरा पड़ा था। गोली लगने से बुजुर्ग महिला की मौत हो चुकी थी। शव को जांच पड़ताल कर पीजीआई में लाया गया।
सांपला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने जांच पड़ताल में पता चला है कि आरोपी की पत्नी दिल्ली पुलिस में है, लेकिन वह अलग से किराये पर रहता है। प्रॉपर्टी विवाद को लेकर गांव में आया हुआ था। वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। मृतका के बेटे फूल कुंआर के बयान पर उसके भाई के लड़के राजसिंह उर्फ राजू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। परिवार में 600 गज के प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा था, जो महिला के नाम है। वृद्ध की मौत के बाद से घर में गम का माहौल है।
इसे भी पढ़ें…